नगर निगम चुनाव के तहत 14 सितंबर, सोमवार को होने वाली मतगणना से ठीक पहले शहर का सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। एक तरफ जिला निर्वाचन विभाग ने शनिवार को मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। दूसरी तरफ भाजपा ने मेयर पद पर कब्जा बरकरार रखने के लिए बाड़ेबंदी की बिसात बिछा दी। पार्टी ने अपने सभी 80 पार्षद प्रत्याशियों को 15 बाउंसर्स के कड़े सुरक्षा घेरे में दो अलग-अलग जगहों पर भेजा है। शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह के नेतृत्व में 51 पुरुष प्रत्याशी माउंट आबू के रिसॉर्ट में ठहराए गए हैं। ये सभी 10 बाउंसरों की निगरानी में हैं। वहीं 29 महिला प्रत्याशी भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी मांडावत की अगुवाई में 5 बाउंसरों की मौजूदगी में भीलवाड़ा के एक होटल में रोकी गई हैं। इस बीच कोटा भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों को भी 20 बाउंसर्स के पहरे में उदयपुर के ही एक रिसोर्ट में लाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उधर, उदयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी की हिरणमगरी स्थित होटल में अहम बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि बाड़ेबंदी का फैसला 14 सितंबर को आने वाले नतीजों के बाद ही लिया जाएगा। प्रदर्शन भाजपा के बराबर या बेहतर रहने पर ही पार्षदों को शिफ्ट किया जाएगा। भाजपा: माउंट आबू में गूंजा- हो जाओ तैयार, भीलवाड़ा में 3 दौर का मंथन 1: माउंट आबू पहुंचे भाजपा के पुरुष प्रत्याशियों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। रिसोर्ट में सभी ने समूह में बैठकर ‘साथियों हो जाओ तैयार...’ गीत गाकर लगातार सातवीं बार बोर्ड बनाने का संकल्प जताया। दिनभर में कुछ ने स्विमिंग पूल तो कुछ ने वॉक और योग में वक्त बिताया। 2: दूसरी ओर, भीलवाड़ा में ठहरीं महिला प्रत्याशियों ने होटल के हॉल में बैठकर शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार मेयर प्रत्याशी के पक्ष में एकमुश्त मतदान करने को लेकर दिनभर में तीन बार रणनीतिक मंथन किया। लॉबिंग तेज: बाड़ेबंदी में प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ीं भाजपा में मेयर पर के दावेदारों के लिए लॉबिंग तेज हो गई। बाड़ेबंदी में दावेदारों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ करा दिए गए हैं। इससे उनके धड़कनें तेज हो गई हैं। हालांकि, सभी प्रत्याशी बाड़ेबंदी में जाने से पहले ही अपने-अपने खास सिपहसालारों-परिजनों को लॉबिंग करने वालों को पूरा सियासी अंक गणित समझाकर गए हैं। भाजपा में मेयर पद के प्रबल दावेदारों में पारस सिंघवी, प्रमोद सामर, दिनेश भट्‌ट, अतुल चंडालिया, महेंद्र सिंह शेखावत, यशवंत आंचलिया शामिल हैं। कांग्रेस: टिकट वितरण पर असंतोष, कार्यकर्ताओं को निकाला तो बवाल शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ और देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा की मौजूदगी में हुई बैठक में टिकट वितरण को लेकर असंतोष सतह पर आ गया। बैठक में जब एक प्रत्याशी तीन समर्थकों के साथ पहुंचे, तो उन्हें बाहर जाने को कह दिया गया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं को खरी-खोटी सुनाते हुए जमकर हंगामा किया, जिसे बाद में शांत कराया गया। बैठक में यह चर्चा भी हावी रही कि यदि कांग्रेस भी दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारती, तो माहौल पक्ष में बनता और बोर्ड बनाना आसान होता। एक नेता ने तो जयपुर से 15 टिकट फाइनल करने वाले शीर्ष नेतृत्व की मंशा पर सवाल उठाए।