राजस्थान तीरंदाजी संघ के तत्वावधान में एसडी बिहाणी कॉलेज में आयोजित जूनियर एवं सब-जूनियर छात्र-छात्रा राज्य तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को जूनियर वर्ग के मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जूनियर कैटेगरी में प्रदेशभर से पहुंचे कुल 456 खिलाड़ियों ने भाग लिया। शुरुआती राउंड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 96 खिलाड़ियों ने आधिकारिक रैंकिंग हासिल की। इसके बाद शीर्ष 96 तीरंदाजों के बीच कड़ा, रोमांचक नॉकआउट राउंड हुआ। इस नॉकआउट मुकाबले के आधार पर अंततः उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया। आगामी नेशनल इवेंट के लिए जूनियर राजस्थान टीम तैयार की गई है। दूसरे दिन के मुकाबलों के समापन के बाद पदक वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जूनियर वर्ग की टीम स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। रिकर्व जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में डीपीएस की टीम ने स्वर्ण, नागौर ने रजत, सीएसटी ने कांस्य पदक हासिल किया। रिकर्व जूनियर मिश्रित टीम स्पर्धा में जयपुर ने स्वर्ण, बीकानेर ने रजत, नागौर ने कांस्य पदक जीता। वहीं, कंपाउंड जूनियर पुरुष टीम में अलवर ने स्वर्ण, बीकानेर ने रजत, जोधपुर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। कंपाउंड जूनियर मिश्रित टीम में सीकर ने स्वर्ण, हनुमानगढ़ ने रजत, जयपुर ने कांस्य पदक हासिल किया। इंडियन राउंड जूनियर पुरुष टीम में अजमेर ने स्वर्ण, बीकानेर ने रजत, हनुमानगढ़ ने कांस्य पदक जीता। इंडियन राउंड जूनियर महिला टीम में श्रीगंगानगर ने स्वर्ण, डीपीएस ने रजत, बीकानेर ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, इंडियन राउंड जूनियर मिश्रित टीम में बीकानेर ने स्वर्ण, जयपुर ने रजत, टोंक ने कांस्य पदक प्राप्त किया। मुख्य अतिथि युवा उद्योगपति लक्ष्मण सोनी मौजूद रहे। विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। रिकर्व जूनियर वर्ग... बालक वर्ग: स्वर्ण पदक - कृष्ण कुमार, बाड़मेर, रजत पदक - अथर्व शर्मा, जयपुर, कांस्य पदक - विवेक कुमावत, जयपुर बालिका वर्ग: स्वर्ण पदक - धृति शर्मा, जयपुर, रजत पदक - कल्पना रेगर, श्रीगंगानगर, कांस्य पदक - खुशबू जावा, डीपीएस कंपाउंड जूनियर वर्ग: बालक वर्ग: स्वर्ण पदक - वासु यादव, अलवर, रजत पदक - प्रबल प्रताप, श्रीगंगानगर, कांस्य पदक - आकाश खंडाल, बूंदी बालिका वर्ग: स्वर्ण पदक - यागिनी, हनुमानगढ़, रजत पदक - शिवानी, सीकर, कांस्य पदक - अरुणा, जोधपुर इंडियन राउंड जूनियर वर्ग: बालक वर्ग: स्वर्ण पदक - युवराज वर्मा, जयपुर, रजत पदक - राम कैलाश बिश्नोई, बीकानेर, कांस्य पदक - शोभित जांगिड़, सीएसटी बालिका वर्ग: स्वर्ण पदक - रेखा, श्रीगंगानगर, रजत पदक - मैथिली, श्रीगंगानगर, कांस्य पदक -सुहाना, श्रीगंगानगर। सब-जूनियर मुकाबलों पर रहेंगी निगाहें : प्रतियोगिता के आगामी चरण में सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे। महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि इन मुकाबलों में भी प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवा तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनके प्रदर्शन के आधार पर सब-जूनियर राजस्थान टीम के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस प्रतियोगिता का समापन 13 सितंबर को होगा।