सांगानेर, श्याम नगर और मुहाना इलाके में कभी खौफ का दूसरा नाम रही सीमा चौधरी उर्फ मिंटू चौधरी का शव बुधवार दोपहर मुहाना थाना क्षेत्र के बलखण्डी बालाजी चौराहे के पास 200 फीट गहरे कुएं में मिला। शव करीब 15 माह पुराना बताया जा रहा है। थानाधिकारी मुकेश खराडिया ने बताया कि कई टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि कुएं में मिंटू का शव पड़ा है, जिसकी बाद में परिजनों ने पजामा-शर्ट के आधार पर पहचान की। मिंटू डेढ़ साल से गायब थी। उसके पति लालाराम निवासी मुहाना ने 7 माह पहले मुहाना थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अब पुलिस पति और संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। अपराध की दुनिया में मिंटू चौधरी के नाम से थी कुख्यात मिंटू का असली नाम सीमा चौधरी था। वह जयपुर में ‘लेडी डॉन’ के नाम से जानी जाती थी। उसके खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज थे। मूल रूप से देवराजनगर की रहने वाली सीमा की कहानी बेहद दर्दनाक रही। बचपन में ही उसकी मां का निधन हो गया था। घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के कारण उसके पिता पैसे कमाने के लिए घर छोड़कर बाहर चले गए। पति ने छोड़ा तो पकड़ी अपराध की राह, 13 केस दर्ज घर की इकलौती बेटी सीमा उर्फ मिंटू की शादी लालाराम से हुई थी। यह रिश्ता ज्यादा नहीं चला और शादी के कुछ समय बाद ही पति ने उसे छोड़ दिया। सीमा का एक 6 साल का बेटा भी है। साल 2009 से अब तक उसके खिलाफ 13 से ज्यादा मामले दर्ज हुए। कुएं तक शव कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही : मिंटू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह बलखण्डी बालाजी चौराहे के पास इस कुएं तक शव कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में रखवाया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मुहाना थाना पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।