करणपुर| माता मंदिर में दर्शन के लिए आगरा से आए श्रद्धालुओं के दो पक्षों में गुरुवार को वाहन निकालने को लेकर विवाद हो गया। कस्बे के संकरे बाजार में आमने-सामने आई गाड़ियों को साइड देने की बात पर पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में बाजार के बीच मारपीट शुरू हो गई। लात-घूंसे चलने से अफरा-तफरी मच गई और लोग इकट्ठा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार के संकरे हिस्से में एक साथ दो वाहन निकल नहीं सकते थे। एक पक्ष ने दूसरे से गाड़ी आगे-पीछे कर रास्ता देने को कहा। दोनों पक्ष अड़ गए। बहस बढ़ने पर हाथापाई हो गई। घटना के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। मंदिर की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित की। सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि करणपुर बाजार में कई स्थानों पर रास्ता काफी संकरा है। मंदिर में दूसरे जिलों और राज्यों से भी वाहन आते हैं, जिससे ऐसे स्थानों पर अक्सर जाम और विवाद की स्थिति बनती है। लोगों ने संकरे हिस्सों पर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की।