23 जीजी गांव चूनावढ़ कोठी स्थित सेठ सांवरा मंदिर में भाद्रपद पितृ कार्य अमावस्या पर शुक्रवार को मेला लगा। तड़के 4:15 बजे लीला चौक और महावीर कॉलोनी से पैदल यात्री संघ के सदस्य नाचते-गाते हुए ध्वजा लेकर मंदिर पहुंचे। श्रीगंगानगर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़, पंजाब, दिल्ली, जयपुर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दरबार में धोक लगाई। मंदिर में मुख्य पुजारी आचार्य देवीलाल और राकेश ने पंजाब के कारीगरों की तैयार विशेष नई पोशाक से सांवरा सेठ का अलौकिक शृंगार किया। सुबह 10 बजे से पवन चलाना एंड पार्टी ने भजनों की प्रस्तुति दी जिस पर भक्तजन झूम उठे। रक्तदान किया, गायों को फल, दलिया, 21 सवामणी हरे चारे का भोग लगाया : प्रातः 7 बजे जग कल्याणी गऊ सेवा संघ के सहयोग से गायों को फल, दलिया, 21 सवामणी हरे चारे का भोग लगाया गया। ॐ साईं ब्लड बैंक के सहयोग से तीसरा रक्तदान शिविर लगा। इसमें युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। सांवरिया मंडल ने चाय-नाश्ते के स्टॉल लगाए। अखंड भंडारे में हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्थाओं में सेवादार अनिल सरावगी, रामावतार लीला, भूप सहारण, दीपक बंसल की टीम ने जिम्मेदारी संभाली। श्रद्धालुओं ने मतदान करने के बाद मंदिर पहुंचकर ठाकुरजी के दर्शन किए।