भास्कर न्यूज | बारां सर्वपितृ अमावस्या पर अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार श्रीवेदमाता गायत्री परिवार ट्रस्ट शाखा बारां की ओर से शनिवार सुबह मनिहारा महादेव तालाब पर श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लेकर अपने पूर्वजों को जलांजलि अर्पित की और विधि-विधान से श्राद्ध कर्म संपन्न किए। गायत्री परिवार के व्यवस्थापक खिल्लूराम शर्मा, जिला समन्वयक चंद्रप्रकाश सांखला, डॉ. मुकेश मीणा और घनश्याम गौतम की टोली ने अनुष्ठान संपन्न करवाया। कार्यक्रम में सबसे पहले विधि-विधान से दशविध स्नान और यज्ञोपवीत धारण सहित अन्य कर्मकांड करवाए गए। इसके बाद देव तर्पण, ऋषि तर्पण, दिव्य पितृ तर्पण, पितृ तर्पण और भीष्म तर्पण किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों के साथ ऋषियों, महापुरुषों और समस्त प्राणिमात्र के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए जलांजलि अर्पित की तथा पिंडदान किया। कार्यक्रम के दौरान परिजनों की स्मृति में पौधरोपण करने और पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया गया।