सीकर जिले की फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विकास थैथलिया उर्फ विकास गोदारा को राजगढ़ (चूरू) से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सदर फतेहपुर थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। इसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट सहित 14 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फतेहपुर कोतवाली ASI सलीम खान की रिपोर्ट के अनुसार- आरोपी की गैंग फतेहपुर कस्बे में संगठित होकर लोगों और व्यापारियों को डरा-धमकाकर फिरौती (रंगदारी) वसूलने का काम कर रही थी। फतेहपुर कोतवाली के थानाधिकारी महेंद्र कुमार मीणा ने बताया- इस गैंग खिलाफ दर्ज मामले में पुलिस पहले ही 3 आरोपियों अजीत उर्फ जीतू बलोद, राजेंद्र उर्फ गांधी और रणवीर उर्फ मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। CI महेंद्र मीणा ने बताया- फतेहपुर के थैथलिया गांव निवासी विकास थैथलिया (26) पर सीकर, चूरू और फतेहपुर के विभिन्न थानों में 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी विकास सीकर सदर थाने के एक अन्य मामले में भी लंबे समय से वांटेड चल रहा था। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।