नवरात्रि में होने वाले गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में धार्मिक-सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था को लेकर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल बारां ने एसपी ज्ञापन सौंपा। नगर प्रचार-प्रसार प्रमुख राम लखन यादव ने बताया कि विहिप जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह हाड़ा के नेतृत्व में संगठन कार्यकर्ताओं ने एसपी से मुलाकात कर नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रमों के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। मांग की गई कि जिले में आयोजित होने वाले गरबा कार्यक्रमों के आयोजक नियमानुसार आवश्यक अनुमति एवं पंजीकरण करवाएं। साथ ही कार्यक्रमों में अश्लील, आपत्तिजनक एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गानों पर रोक लगाने और धार्मिक भजनों व मर्यादित संगीत को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए जाएं। इसके अतिरिक्त गरबा स्थलों पर प्रवेश व्यवस्था एवं पहचान सत्यापन, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे तथा उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई। संगठन ने आयोजन समितियों की जवाबदेही तय करने और नियमों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का भी आग्रह किया। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से अपील की गई कि नवरात्रि के पावन पर्व पर सभी गरबा एवं डांडिया कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और धार्मिक-सांस्कृतिक मर्यादा के अनुरूप हों। इस दौरान बजरंग दल जिला सहसंयोजक वैभव नागर, विहिप नगर अध्यक्ष मितेश कोहली, नगर संयोजक सन्नी सोनी, लक्की वैष्णव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।