वायुसेना दिवस पर गुरुवार को सूर्यनगरी का आसमान ‘सूर्यकिरण’ और ‘सारंग’ की हैरतअंगेज कलाबाजियों का गवाह बना। एयरफोर्स स्टेशन पर हुए भव्य एयर शो में जांबाज पायलटों ने रफ्तार और सटीकता का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक रोमांचित हो उठे। ‘सूर्यकिरण’ टीम ने आसमान में तिरंगा और दिल की आकृति बनाई। वहीं ‘सारंग’ के हेलिकॉप्टरों की आमने-सामने की उड़ान और मेहरानगढ़ के ऊपर से गुजरते दृश्यों ने सबका ध्यान खींचा। युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के तहत भारतीय वायुसेना की सामरिक क्षमता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन हुआ। आसमान में रचा तिरंगा और दिल, हॉक जेट्स का हैरतअंगेज खेल जोधपुर एयरबेस पर जब सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के 9 हॉक-132 विमानों ने करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी, तो पूरा आसमान गूंज उठा। विमानों ने केसरिया, सफेद और हरे धुएं के साथ आसमान में भव्य तिरंगा फॉर्मेशन बनाई, जिसने हर भारतीय के सीने को गर्व से चौड़ा कर दिया। इसके ठीक बाद पायलटों ने आसमान में डीएनए फॉर्मेशन और दिल (हार्ट शेप) की बेहद सटीक आकृति उकेरी। वर्टिकल क्लाइम्ब, इनवर्टेड क्रॉसओवर, डायमंड फॉर्मेशन और बैरल रोल जैसे खतरनाक स्टंट्स ने पायलटों के अनुशासन और टीमवर्क का अद्‌भुत नमूना दिखाया। सूर्यकिरण का करीब 25 मिनट तक प्रदर्शन चला। लड़ाकू विमानों की तेज रफ्तार के बीच सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के 5 एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टरों ने रोमांच दिखाया। -फोटो : विकास बोड़ा