आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले किसानों को राज्य, जिला, पंचायत समिति स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। उप निदेशक कृषि व पदेन परियोजना निदेशक आत्मा ने बताया कि पंचायत समिति स्तर पर गतिविधियां चयन होगा। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन व डेयरी, जैविक खेती, नवाचार खेती शामिल हैं। हर गतिविधि में उत्कृष्ट काम करने वाले एक-एक किसान का चयन होगा। हर पंचायत समिति से कुल 5 किसान चुने जाएंगे। पंचायत समिति स्तर पर चयनित किसानों में से जिला स्तर पर हर गतिविधि के दो-दो सर्वश्रेष्ठ किसान चुने जाएंगे। इस तरह कुल 10 किसान चयनित होंगे। इसके बाद प्रदेशभर से चयनित किसानों में से राज्य स्तर पर प्रथम व द्वितीय श्रेणी में पांच-पांच, कुल 10 किसानों को पुरस्कार दिया जाएगा। वर्ष 2009-10 से 2025-26 तक आत्मा योजना या किसी अन्य योजना में पंचायत समिति, जिला या राज्य स्तर पर पुरस्कार पा चुके किसान वर्ष 2026-27 के लिए पात्र नहीं होंगे। पुरस्कार राशि पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रुपए, जिला स्तर पर 25 हजार रुपए, राज्य स्तर पर 50 हजार रुपए तय की गई है। आवेदन प्रस्ताव के साथ किसान का नाम, पिता का नाम, निवास स्थान, पंचायत समिति का नाम, मोबाइल नंबर, आधार संख्या, बैंक खाता आदि जरूरी है।