बगड़ रोड स्थित गणेश मंदिर में शनिवार को अखंड रामायण पाठ से सात दिवसीय महोत्सव शुरू हो गया। गणेश चतुर्थी के उपलक्ष में सोमवार को अभिषेक व महाआरती के बाद मूर्ति पूजा शुरू होगी। मंदिर महंत रामावतार पुजारी के सानिध्य में पंडित मुकेश महमिया ने पूजा के बाद रामायण पाठ शुरू किया। मुख्य यजमान विश्वनाथ व विमला सैनी ने पूजा की। गणेश मंदिर समिति के सचिव जयराज सतरावला ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12:15 बजे भगवान गणेश का पंचामृत से अभिषेक व महाआरती होगी। श्रृंगार के बाद छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। इसके बाद ओलिया आश्रम मोड़ा पहाड़ के अमरदास व अन्य साधु-संतों के सानिध्य में मंदिर के सामने स्थित कल्याण दास बगीची में मूर्ति स्थापना की जाएगी। महोत्सव में सुबह 8 बजे व रात 8 बजे आरती की जाएगी। महोत्सव के अंतिम दिन 18 सितंबर को सुबह 9:15 बजे पूजा व आरती के बाद विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। गाजे-बाजे के साथ गणेश मंदिर से शुरू होने के बाद विसर्जन यात्रा चूणा चौक होते हुए चंचल नाथजी का टीला पहुंचेगी। विसर्जन के बाद आयोजन स्थल पर भंडारा होगा। अखंड रामायण पाठ में समिति के कोषाध्यक्ष विनोद सैनी, सुनील पुजारी, रामलाल मुनीम आदि मौजूद थे। मूर्ति स्थापना से पहले कल निकालेंगे कलश यात्रा : गणेश युवा मंडल की ओर से खेमी शक्ति रोड स्थित जमन वाटिका में सोमवार को 10 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू होगा। मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार को सुबह 8:15 बजे बगड़ रोड स्थित नंदीशाला से भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 11:15 बजे आयोजन स्थल पर मूर्ति स्थापना की जाएगी। महोत्सव के दौरान सुबह 8:15 बजे व रात 8:15 बजे आरती होगी। महोत्सव के अंतिम दिन 24 सितंबर को सुबह 9:15 बजे विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।