चांदराई | कवराडा स्थित खारी नदी पुल पर बुधवार दोपहर गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार युवक डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में गंभीर घायल युवक की आहोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान घीसाराम (23) पुत्र पीराराम बावरी, निवासी हिंगोला, जिला पाली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घीसाराम अपने ससुराल गोदावास से बाइक पर गांव हिंगोला जा रहा था। कवराडा खारी नदी पुल पर सड़क में बने गड्ढे के कारण अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पुल के साइड में लगे डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद कवराडा निवासी पारस कलाल और ग्रामीणों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आहोर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर भाद्राजून थाना प्रभारी लालाराम पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि पुल पर सड़क के बीच छोटे-छोटे लोहे के सरिए निकले हुए हैं। इससे वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा रहता है।