महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश तथा स्नातक, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित की गई है। संबंधित विभागों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 15 अक्टूबर को कार्यालय समय में होगी। प्रवेश संयोजक प्रो. सुभाष चंद्र ने बताया कि विश्वविद्यालय में रोजगार की संभावनाओं और वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई कौशल आधारित पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सिंधी सर्टिफिकेट, नेचुरोपैथी एवं योगिक विज्ञान, योग इंस्ट्रक्टर, बर्डिंग, साइबर सिक्योरिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े पाठ्यक्रम शामिल हैं। स्नातक स्तर पर बीएससी एनवायरमेंटल साइंस, डीफार्मा तथा बीएससी फूड साइंस एंड न्यूट्रिशन में भी रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। पीजी में एमएससी जूलॉजी, बॉटनी, पर्यावरण विज्ञान, खाद्य एवं पोषण, गणित, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, केमिस्ट्री, एमसीए, एमसीए डेटा साइंस, एमकॉम, एमए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, सोशल वर्क, योग स्टडीज, एमबीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा डिजास्टर मैनेजमेंट, इंडस्ट्रियल सेफ्टी हेल्थ, फूड एंड न्यूट्रिशन, एनवायरमेंटल लॉ और योग एजुकेशन में पीजी डिप्लोमा की रिक्त सीटों पर भी प्रवेश मिलेगा।