अधिवक्ता चंद्रकांत चौहान 12 ज्योतिर्लिंगों की 11 हजार किमी की पैदल यात्रा पर हैं। जयपुर हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले चौहान ने 27 अप्रैल 2026 को जयपुर हाईकोर्ट से अपना सफर शुरू किया था। पांच महीने से ज्यादा समय में वे 3500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय कर आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने केदारनाथ, काशी विश्वनाथ और बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए हैं। अब उनकी यात्रा श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग की ओर बढ़ रही है। चौहान के अनुसार, यह यात्रा भारत को समझने और समाज में देहदान, अंगदान, कानूनी अधिकारों व अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने का माध्यम भी है। चौहान का दावा है कि वे देशभर में ऐसी यात्रा करने वाले पहले अधिवक्ता हैं। यह यात्रा आस्था और दृढ़ संकल्प की मिसाल बन रही है।