पाली में निकाय चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर टिकट दावेदारों की पोस्ट लगातार शेयर हो रही हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के सामने कई वार्डों में टिकट तय करना मुश्किल हो गया है, क्योंकि एक वार्ड से 7 से 10 तक दावेदार सामने आ रहे हैं। एआई ऐप की मदद से लोग मोबाइल पर ही प्रचार के लिए पोस्ट और पेम्पलेटस बना रहे हैं। पाली नगर निगम के 65 वार्डों में अब मतदान 11 सितंबर को होगा, जबकि नामांकन 27 से 31 अगस्त तक लिए जाएंगे। हर वार्ड से 7 से 10 दावेदार निकाय चुनाव को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया नेताओं की पोस्टों से भरा हुआ है। पार्षद बनने की इच्छा रखने वाले लोग चुनावी मैदान में उतरने का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर रहे हैं। चुनावी माहौल ऐसा है कि हर कोई पार्षद बनने के लिए चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों पार्टियों को एक वार्ड से 10-10 आवेदन तक मिल रहे हैं। से में दोनों पार्टियों के लिए यह तय करना मुश्किल हो गया है कि किस वार्ड से किस कार्यकर्ता को टिकट दिया जाए। एआई से मोबाइल पर बन रही प्रचार पोस्ट एआई आने के बाद नेताओं के लिए सोशल मीडिया प्रचार का काम आसान हुआ है। जेमिनी, चेटजीपीटी जैसे कई एप हैं, जिन पर मैसेज और फोटो के साथ पेम्पलेटस बनाया जा सकता है। इन एप पर फ्री में बनने वाले पोस्टर चुनावी प्रचार में काम आ रहे हैं। चुनावी मैदान में उतरने की इच्छा रखने वाले लोग रोज सोशल मीडिया पर एआई से बनाई गई पोस्ट तैयार कर शेयर कर रहे हैं। शहर में भी चर्चा है कि इस बार अधिकतर वार्डों में चुनावी मुकाबला रोचक और कड़ा होगा। इसकी वजह एक ही वार्ड से 10-10 लोगों का चुनाव लड़ने की इच्छा जताना है। जिन दावेदारों को पार्टियां टिकट नहीं देंगी, उनके निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरने की बात भी सामने आ रही है। पहले एक पोस्ट के 200 से 300 रुपए लेते थे एड डिजाइनर राकेश पुरी ने बताया कि पिछले चुनाव में कई प्रत्याशी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करने के लिए उनके पास एड बनवाने आते थे। उन्होंने बताया कि एक पोस्ट बनाने के लिए 200 से 300 रुपए चार्ज किए जाते थे। लेकिन इस बार एआई उनका काम कर रहा है। चुनावी मैदान में उतरने की इच्छा रखने वाले लोग अपने मोबाइल में ही एआई से पोस्ट बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। राकेश पुरी ने बताया कि एआई से हर तरह की पोस्ट बनाना मुश्किल है। पोस्ट का प्रिंट भी करवाना होता है और हर काम एआई नहीं कर सकता। पाली नगर निकाय में 11 सितंबर को मतदान जैन समाज की ओर से पर्युषण के चलते मतदान की तारीख बदलने की मांग की गई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने पाली नगर निगम के लिए पहले निर्धारित मतदान की तारीख 9 सितंबर से बदलकर 11 सितंबर कर दी। अब पाली नगर निगम के 65 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा।