अजमेर-चंदेरिया रेलखंड के दोहरीकरण के तहत झड़वासा-सिंगावल के बीच तैयार नए ट्रैक पर आज शाम 6 बजे स्पीड ट्रायल किया जाएगा। शाम को होने वाले इस ट्रायल के दौरान ट्रेन नए दोहरीकृत ट्रैक पर करीब 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाई जाएगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को रेल संरक्षा आयुक्त, पश्चिमी सर्किल, मुंबई इस रेलखंड का निरीक्षण करेंगे। स्पीड ट्रायल को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने आमजन से रेलवे ट्रैक और उसके आसपास के क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि तेज रफ्तार से ट्रेन गुजरने के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा हो सकती है। रेलवे ने आमजन से की अपील अधिकृत समपार फाटक के अलावा किसी अन्य स्थान से रेलवे ट्रैक पार न करें। ट्रैक के आसपास रहने वाले लोग अपने पशुओं को पटरियों के पास न जाने दें। स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक, समपार फाटक और आसपास के क्षेत्र से दूरी बनाए रखें। किसी भी स्थिति में ट्रायल के दौरान ट्रैक के पास जाने या उसे पार करने की कोशिश न करें। रेलवे ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सावधानी बरतें, क्योंकि जीवन अमूल्य है और इसे खतरे में नहीं डालना चाहिए।