अजमेर की साइबर थाना पुलिस ने 6.62 लाख रुपए की ठगी के मामले में फरार आरोपी आदित्य को महाराष्ट्र के अमरावती से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने संतरे के बागों और खेतों के बीच करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा किया। बारिश के कारण खेतों की मिट्टी दलदल में बदल गई थी। पुलिसकर्मियों के पैर बार-बार मिट्टी में धंस रहे थे। इसके बावजूद टीम ने पीछा जारी रखा और आरोपी को पकड़ लिया। साइबर थाना प्रभारी शमशेर खान ने बताया- नवेगांव थाना क्षेत्र (मध्यप्रदेश) निवासी आदित्य साइबर ठगी के मामले में फरार था। उसकी तलाश में साइबर थाना पुलिस की टीम अमरावती पहुंची थी। तकनीकी जानकारी और मानवीय सूत्रों से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। पुलिस की भनक लगते ही भागा आरोपी हेड कॉन्स्टेबल हितेंद्र बागड़ी और कॉन्स्टेबल बाबूलाल ने आरोपी का सुराग मिलने के बाद दबिश दी। पुलिस की भनक लगते ही आदित्य भागने लगा। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। आरोपी संतरे के बागों और खेतों के बीच भागता रहा। लगातार बारिश से मिट्टी दलदल में बदल गई थी। करीब डेढ़ किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को अजमेर लाया गया आरोपी को अजमेर लाया गया है। पुलिस के अनुसार उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। रकम के ट्रांजेक्शन और आरोपियों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर कार्रवाई की जा रही है।