जयपुर में विजयादशमी पर मंगलवार को अलग-अलग जगहों पर रावण दहन होगा। विद्याधर नगर स्टेडियम में 121 फीट, आदर्श नगर दशहरा मैदान में 105 फीट और मानसरोवर के मेला ग्राउंड में 70 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। आदर्श नगर में 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण का पुतला भी जलाया जाएगा। तीनों जगह रावण दहन के साथ आतिशबाजी भी की जाएगी। आदर्श नगर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विद्याधर नगर में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी शामिल होंगी। विद्याधर नगर में 121 फीट ऊंचे रावण का दहन विद्याधर नगर स्टेडियम में VDN फाउंडेशन की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां 121 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। साथ ही मेले में बच्चों के लिए झूले और गेम्स जोन बनाए गए हैं। रावण दहन देखने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से लोगों के पहुंचने की संभावना है। रावण दहन के साथ दशहरा मेले में भी लोगों की चहल-पहल रहेगी। मेले में परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए मनोरंजन की कई गतिविधियां रखी गई हैं। आदर्श नगर में 105 फीट का रावण और 90 फीट का कुंभकर्ण जलेगा आदर्श नगर दशहरा मैदान में श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से दशहरा महोत्सव होगा। शाम 7:30 बजे 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सांसद मंजू शर्मा अध्यक्षता करेंगी। मैदान में बच्चों के लिए झूले और खानपान की स्टॉलें भी लगाई जाएंगी। आतिशबाजी में दिखेगा नियाग्रा फॉल जैसा नजारा रावण दहन से पहले मैदान में आतिशबाजी होगी। इसमें नियाग्रा फॉल जैसे रंगीन झरने, आसमान से बरसती चमकीली अशर्फियों और अलग-अलग रंगों की रोशनी देखने को मिलेगी। हवाई मछलियों और ऑक्टोपस जैसी आकृतियों वाली आतिशबाजी भी दिखाई जाएगी। रावण के पुतले की आंखों से शोले और मुंह से आग के गोले निकलेंगे। तलवार और ढाल से चिंगारियां निकलेंगी। भगवान श्रीराम के स्वरूप की ओर से नाभि पर अग्निबाण चलाने के साथ रावण दहन शुरू होगा। दोपहर 3 बजे श्री राम मंदिर से शोभायात्रा निकली। यह पंचवटी सर्किल, राजा पार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, 20 दुकान, बर्फखाना और पुलिया नंबर एक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। रावण दहन के बाद श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा। मानसरोवर में 70 फीट के रावण का होगा दहन मानसरोवर के अरावली मार्ग स्थित मेला ग्राउंड में सद्भावना परिवार फाउंडेशन की ओर से सद्भावना दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को 70 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक संध्या भी रखी गई है। महोत्सव में भजमन बीट्स बैंड की प्रस्तुति होगी। बैंड पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत के साथ पेश करेगा। आयोजकों ने कहा- इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के बीच प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देना है। रावण दहन के दौरान कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा दशहरे पर रावण दहन के कार्यक्रमों को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया है।