वन विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में रामगंज थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लेकर खुद को वन विभाग में कर्मचारी बताया और नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उससे अलग-अलग किश्तों में 3 लाख रुपए लेकर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया। थाना प्रभारी हरिपाल सिंह के अनुसार पीड़ित विनोद कुमार निवासी चेतराम का कुआं, जोंसगंज अजमेर ने इस्तगासे के जरिए रामगंज थाने में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ने उनके पुत्र की वन विभाग में वन रक्षक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए उसने परिवादी से 3 लाख रुपए लिए और बाद में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दे दिया। खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताया आरोपी ने परिवादी को विश्वास में लेने के लिए खुद को वन विभाग में कर्मचारी बताया। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क होने की बात कहकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। पुलिस जांच में ज्वाइनिंग लेटर कूटरचित होना सामने आया। फर्जी जॉइनिंग लेटर थमाया रामगंज थाना पुलिस ने ठगी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कुलदीप सिंह पुत्र चक्रवर्ती सिंह (23), निवासी पाली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से परिवादी को दिया गया कूटरचित फर्जी जॉइनिंग लेटर/दस्तावेज भी बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तरह की ठगी में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं तथा उसने अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर रुपए तो नहीं लिए हैं।