अजमेर जीआरपी पुलिस ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से यात्री का चोरी हुआ लैपटॉप भी बरामद किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शादाब पुत्र शब्बन टेलर के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर उत्तरप्रदेश में हत्या और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में 25 हजार का इनाम घोषित है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान थाना प्रभारी इंदुबाला शर्मा ने बताया कि पूर्व में दर्ज मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में 4 मोबाइल और एक लैपटॉप चोरी करना स्वीकार किया था। इसके बाद पुलिस ने चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए थे। जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 से यात्री कुणाल का चोरी हुआ लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और ट्रेन व रेलवे स्टेशन पर अकेले ही यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात करता था। आरोपी के खिलाफ अजमेर जीआरपी थाने में पूर्व में मुकदमा नंबर 144 दर्ज है, जबकि वर्तमान मामले में मुकदमा नंबर 138 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ जारी है।