भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपने पहले मैच में एक रन पर आउट हो गए हैं। उन्हें रविवार को छत्तीसगढ़ के अजय मंडल ने बोल्ड कर दिया। चंडीगढ़ में चल रहे इस मैच में टॉस जीतकर बैटिंग कर रही पंजाब ने पहली पारी में 3 विकेट पर 89 रन बना लिए हैं। एक अन्य मुकाबले में गुजरात के हर्षल पटेल ने दिल्ली के 2 विकेट झटक लिए हैं। उनके फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 250 विकेट हो चुके हैं। न्यूजीलैंड दौरे के लिए रणजी खेल रहे हैं गिल भारतीय कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी के लिए रणजी ट्रॉफी का मैच खेलने उतरे हैं। 2 दिन पहले जारी टीम में उन्हें टेस्ट और शुरुआती 3 वनडे मैच के लिए भारत का कप्तान बनाया गया है। टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से वेलिंग्टन में पहला टेस्ट मैच खेलना है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा साइकल के फाइनल में पहुंचने के लिए अहम है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 2 महीने पहले श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। कोलंबो में इस सीरीज का दूसरा मैच ड्रॉ रहा था। जबकि, पहले मुकाबले को टीम इंडिया ने 165 रन से जीता था। श्रीलंका के खिलाफ गिल का प्रदर्शन… हर्षल पटेल के 250 फर्स्ट क्लास विकेट पूरे गुजरात के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने दिल्ली के खिलाफ सनत सांगवान को आउट कर फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 250 विकेट पूरे किए। इसके बाद उन्होंने यश ढुल को भी पवेलियन भेजा। दूसरी ओर, दिल्ली के ओपनर प्रियांश आर्य ने 55 गेंदों में अपना दूसरा फर्स्ट क्लास अर्धशतक पूरा किया। दिल्ली ने 94 रन पर 2 विकेट गंवाए थे। सौराष्ट्र के गेंदबाजों ने कर्नाटक को दिए शुरुआती झटके जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया की स्विंग गेंदबाजी के सामने कर्नाटक की टीम मुश्किल में नजर आई। टीम ने शुरुआती दौर में 22 रन पर 2 विकेट गंवा दिए। रोहन पाटिल और विजयकुमार वैशाख आउट हुए, जबकि मयंक अग्रवाल और केवी अनीश नाबाद हैं। सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। रविवार को उनादकट का 35वां जन्मदिन भी है। साई किशोर ने लक्ष्य रायचंदानी को आउट किया तमिलनाडु के कप्तान आर साई किशोर ने उत्तराखंड के खिलाफ लंच से ठीक पहले भारत की अंडर-19 टीम के खिलाड़ी लक्ष्य रायचंदानी को 15 रन पर आउट किया। लंच तक उत्तराखंड ने 41 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इससे पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने शुरुआती तीन विकेट लेकर उत्तराखंड के टॉप ऑर्डर को झकझोर दिया।