अजमेर में युवती ने लिव-इन पार्टनर के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पार्टनर ने शादी का झांसा देकर 4 साल तक संबंध बनाए। फिर संपर्क तोड़ लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 4 साल तक लिव-इन में रहा, फिर संबंध तोड़ा युवती ने शिकायत में बताया कि वह आरोपी के साथ करीब 4 साल से रिलेशन में थी। इस दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिया। रिपोर्ट के अनुसार युवती करीब 2 महीने की प्रेग्नेंट हो गई थी, जिसकी जानकारी आरोपी और उसके परिवार को भी दी। जानकारी के बाद आरोपी ने युवती को गर्भनिरोधक गोलियां देकर गर्भपात करा दिया। परिवार ने दी संबंध खत्म करने की धमकी पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी के परिवार ने घटना के बाद उसे कहीं भेज दिया। युवती ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी का फोन बंद आ रहा है। वहीं आरोपी के परिवार की ओर से उसे धमकियां देकर संबंध खत्म करने और आरोपी का पीछा छोड़ने के लिए कहा जा रहा है। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी और उसके परिवार के रवैये से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। उसने पुलिस से मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से संबंधित थाने पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।