अजमेर नगर निगम चुनाव में मतदान से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि कांग्रेस कई वार्डों में तीसरे नंबर पर रहेगी। उन्होंने कहा- भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को मनाने और संवाद का प्रयास जारी है। लेकिन तय समय तक बात नहीं बनी तो पार्टी चुनाव को पूरी ताकत से लड़ेगी। ऐसे प्रत्याशियों की टीम को कमजोर करने और उनके जनाधार को कम करने पर भी भाजपा काम कर रही है। कांग्रेस के ब्लैक पेपर निकालने पर रमेश सोनी ने कहा- ब्लैक पेपर कौन निकाल रहे हैं? ऐसे में मुझे अजमेर का पुराना चर्चित ब्लैकमेल कांड याद आता है। जिस राजनीतिक दौर में अजमेर में यह मामला सामने आया था, उससे जुड़े लोगों और तत्कालीन कांग्रेस पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर उस समय गंभीर सवाल उठे थे। ऐसे में कांग्रेस का आज ब्लैक पेपर जारी करना अपने आप में सवाल खड़े करता है। आगे पढ़िए भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी से दैनिक भास्कर की खास बातचीत... सवाल: भाजपा की ओर से वार्ड 24 में प्रत्याशी उतारा गया था, लेकिन नामांकन खारिज हो गया। अब पार्टी की क्या रणनीति है? रमेश सोनी: वार्ड 24 में हमने अनुज चौहान को पार्टी का सिंबल दिया था। कुछ तकनीकी समस्या के कारण नामांकन खारिज हो गया। इसके बाद भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। तय किया गया कि हेमराज, जो हमारे कार्यकर्ता रहे हैं। जिन्होंने निर्दलीय फॉर्म भरा था, उनसे और क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से बातचीत की जाए। बातचीत के बाद भाजपा ने हेमराज को समर्थन देने का निर्णय किया है। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी तो नहीं हैं, लेकिन भाजपा के चेहरे के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। पूरी टीम उनके साथ लगी हुई है। सवाल: कांग्रेस ने वार्ड 3 और 4 में प्रत्याशी नहीं उतारा। कांग्रेस कह रही है कि भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देंगे। इसे आप किस तरह देखते हैं? रमेश सोनी: कांग्रेस खुद को राष्ट्रीय पार्टी बताती है। चुनाव से पहले उसके नेता नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का दावा कर रहे थे। लेकिन जो पार्टी 80 वार्डों में से दो वार्डों में अपना प्रत्याशी नहीं उतार सकी, उसकी स्थिति इसी से स्पष्ट हो जाती है। अब उसे निर्दलीयों के भरोसे चुनाव लड़ना पड़ रहा है। कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता टिकट मांग रहे थे, लेकिन उन्हें दरकिनार कर निर्दलीयों पर भरोसा किया गया। इससे साफ है कि कांग्रेस धरातल पर कमजोर है। भाजपा और उसके कुछ निर्दलीय बागियों के बीच मुकाबला है, जबकि कांग्रेस कई वार्डों में तीसरे नंबर पर जाती हुई दिखाई दे रही है। सवाल: भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे बड़े नेताओं और पूर्व पार्षदों को मनाने के प्रयास चल रहे हैं? रमेश सोनी: दो-तीन वार्डों को छोड़ दें तो बाकी जगह संवाद जारी है। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। हमने एक समय सीमा तय की है। 7 सितंबर तक यदि कोई बात नहीं मानता है तो चुनाव को चुनाव की तरह लड़ा जाएगा। भाजपा की पूरी टीम मैदान में है। इसके साथ ही जहां जरूरत होगी, वहां उनकी टीम को कमजोर करने और उनके जनाधार को कम करने के लिए भी योजनापूर्वक काम किया जा रहा है। सवाल: कांग्रेस सवाल उठा रही है कि जिन मोनिका जैन ने पहले आपके सामने चुनाव लड़ा था, उन्हें भाजपा में शामिल कर वार्ड 4 से टिकट दिया गया। इस पर क्या कहेंगे? रमेश सोनी: भाजपा ने हमेशा अपने द्वार सबके लिए खुले रखे हैं। मोनिका जैन पिछली बार मेरे सामने चुनाव लड़ी थीं। चुनाव परिणाम के बाद लगातार उनसे संवाद होता रहा। जब उन्होंने भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई तो पार्टी ने उनसे बातचीत की। हमें लगा कि वह एक मजबूत प्रत्याशी हैं, इसलिए उन्हें वार्ड 4 से टिकट दिया गया। यह कोई बड़ी बात नहीं है। भाजपा सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। कांग्रेस के भी कई वरिष्ठ नेता, जो सालों से पार्टी के साथ काम कर रहे थे और जिन्हें टिकट नहीं मिला, वे भाजपा में आए हैं। सवाल: कांग्रेस मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर सवाल खड़े कर रही है। क्या इसका असर नगर निगम चुनाव पर पड़ेगा? रमेश सोनी: कांग्रेस के पास जनाधार और कार्यकर्ताओं की टीम नहीं है, इसलिए उसके पास आरोप लगाने और भ्रम फैलाने के अलावा कोई काम नहीं है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो में जिस तरह जनता और विभिन्न समाजों का उत्साह दिखाई दिया, वह सबने देखा है। शहरभर से भाजपा कार्यकर्ता जुटे और पूरा माहौल भाजपा के पक्ष में दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने भी रोड शो की तारीफ की। मेरा मानना है कि इससे भाजपा के पक्ष में जो बहुमत पहले से दिखाई दे रहा था, वह और मजबूत होगा। सवाल: कांग्रेस ने शहर भाजपा के कामों को लेकर ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया है। इसे आप किस तरह देखते हैं? रमेश सोनी: ब्लैक पेपर कौन निकाल रहे हैं? ऐसे में मुझे अजमेर का पुराना चर्चित ब्लैकमेल कांड याद आता है। जिस राजनीतिक दौर में अजमेर में यह मामला सामने आया था, उससे जुड़े लोगों और तत्कालीन कांग्रेस पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर उस समय गंभीर सवाल उठे थे। ऐसे में कांग्रेस का आज ब्लैक पेपर जारी करना अपने आप में सवाल खड़े करता है। हालांकि, इस मामले से जुड़े आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही तय होते हैं। सोनी ने आगे कहा- कांग्रेस के पास भाजपा सरकार के कामों को लेकर सवाल उठाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। पिछले ढाई साल में अजमेर में लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क, आईटी पार्क, मेडिसिटी, रिंग रोड, ड्रेनेज सिस्टम और आनासागर से जुड़ी योजनाओं पर काम शुरू हुआ है। जब ये योजनाएं धरातल पर उतरेंगी तो अजमेर के विकास में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। यह खबर भी पढ़ें….. अजमेर में वार्ड-3-4 में भाजपा बागी का समर्थन करेगी कांग्रेस:* जिलाध्यक्ष बोले-प्रत्याशी घोषित नहीं करना हमारी रणनीति; कहा-भाजपा में घबराहट, इसलिए वोट मांगने CM आ रहे