श्रीगंगानगर शहर में लगातार चोरी की वारदातें हो रही है। चोर रात को बंद दुकानों को निशाना बना रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में करीब सात-आठ दुकानों में चोरी हो चुकी। चोरों ने अब शिव चौक स्थित उद्योग मार्केट में एक मेडिकल एजेंसी को निशाना बनाया। चोर मेडिकल एजेंसी के ताले तोड़कर हजारों रुपए कैश चोरी कर भाग गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें जो दो चोर दिखाई दे रहे हैं। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में संजय वर्मा (34) निवासी श्रीगंगानगर ने बताया- उधोग मार्केट शिव चौक पर उनकी जमीदारा मेडिकल एजेंसी के नाम से शॉप है। एजेंसी से शहर में दवाइयां सप्लाई की जाती है। वह रात को शॉप बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 7:20 जब शॉप पर पहुंचे तो मेडिकल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के पास लोहे की छैनी और रॉड भी पड़ी थी। जिससे ताला तोड़ा गया था। जब शॉप के अंदर जाकर गल्ला संभाला तो उसमें रखे करीब 34420 रुपए चोरी हो चुके थे। जिसके बाद मेडिकल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो पता चला कि वारदात रात करीब 3:30 बजे हुई। दो चोरों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। एक चोर ताला तोड़कर दुकान में घुसा, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था। दुकान में घुसने वाले चोर ने आसमानी रंग की टी-शर्ट और नीला पायजामा पहन रखा था। वहीं, बाहर निगरानी करने वाले युवक ने नीली टी-शर्ट और काला पायजामा पहना हुआ था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। हालांकि, अब तक हुई सभी वारदातों के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिले हैं लेकिन अभी तक पुलिस एक भी चोर को पकड़ नहीं पाई। ऐसे में दुकानदारों में आक्रोश है और पुलिस के कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।