अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी स्कूल वैन हादसे का शिकार हो गई। मित्तल अस्पताल के पीछे सड़क किनारे खुले पड़े सीवरेज चैंबर में वैन का पहिया धंस गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सड़क पर एक तरफ पलट गई। हादसे के समय वैन में कई बच्चे सवार थे। गाड़ी पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने बिना समय गंवाए वैन के पिछले और साइड की खिड़कियों से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कुछ बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। अचानक चैंबर में उतरा पहिया, पलट गई वैन स्थानीय निवासी मुकेश वर्मा के अनुसार सुबह वैन बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। मित्तल अस्पताल के पीछे वाली सड़क पर सीवरेज लाइन का चैंबर खुला हुआ था। चालक को सड़क पर मौजूद खुले चैंबर का अंदाजा नहीं हुआ। वैन का एक पहिया सीधे चैंबर में उतर गया। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई। वैन के पलटते ही अंदर बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों के रोने और चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने वैन को घेर लिया और खिड़कियों से बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों को सुरक्षित देख परिजनों ने ली राहत की सांस हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वैन से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकलता देख अभिभावकों ने राहत की सांस ली। हालांकि, हादसे के बाद मौके पर नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में खासा आक्रोश नजर आया।