अजमेर में 19 साल की छात्रा से रेप करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने एक युवक पर शादी का झांसा देने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में आरोपी पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। कॉलेज में हुई थी पहचान, पढ़ाई में मदद के बहाने मोबाइल नंबर लिया पुलिस के अनुसार, कॉलेज में पढ़ाई के दौरान युवती की युवक से पहचान हुई थी। युवक ने पढ़ाई में परेशानी होने पर मदद करने की बात कही और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। युवती का आरोप है कि युवक एक दिन उसके घर भी आया और परिजनों की गैरमौजूदगी में उसके साथ नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की। शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप युवती ने शिकायत में बताया कि उसने अलग-अलग जाति होने के कारण शादी से मना कर दिया था, लेकिन युवक ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी भरोसे के बाद युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी लगातार बात टालता रहा और परिजनों से बातचीत करने का भरोसा देता रहा। अगस्त 2026 को आरोपी दोबारा युवती के घर आया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे अपमानित किया और किसी को घटना बताने पर उसके फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। हाथ की नस काट ली, अस्पताल में भर्ती होना पड़ा शिकायत में युवती ने बताया कि घटना के बाद उसने आरोपी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। शिकायत के अनुसार, उसने खुद की नस काट ली, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद युवती ने पुलिस को शिकायत दी।