भास्कर न्यूज | भरतपुर अपना घर आश्रम में पितृ अमावस्या पर पांच कुंडीय यज्ञ एवं सामूहिक तर्पण का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 26 साल के दौरान आश्रम में दिवंगत हुए 7 हजार आवासियों/प्रभुजनो ं को तर्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। ब्लॉक-4 में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन हुआ। इस अवसर पर पितृ अमावस्या के उपलक्ष्य में पांच कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के माध्यम से अपना घर आश्रम के सभी भवनों में दिवंगत हुए प्रभुजनों की आत्मिक शांति के लिए विधि-विधानपूर्वक तर्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पांच कुंडीय यज्ञ में लगभग 200 प्रभुजनों ने मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कीं। गायत्री पीठ के पं. भगवानदास ने दिवंगत प्रभुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके मोक्ष एवं आत्मिक शांति के लिए पाठ किया। कुंड पर श्राद्ध एवं तर्पण किया गया। अपना घर आश्रम में वर्तमान में 6,620 प्रभुजन आश्रय प्राप्त कर रहे हैं। इनमें से लगभग 2,000 प्रभुजनों ने पितृ अमावस्या के अवसर पर अपने पितरों का स्मरण किया तथा आश्रम में तैयार किए गए विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित कर श्रद्धा प्रकट की। उल्लेखनीय है कि अपना घर आश्रम में पितृ अमावस्या के अवसर पर श्राद्ध पक्ष के दौरान दिवंगत हुए प्रभुजनों का सामूहिक रूप से तर्पण किया जाता है। यह आयोजन उन सभी प्रभुजनों के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करने का एक भावपूर्ण प्रयास है, जिन्होंने अपना जीवन आश्रम में बिताया और यहां अंतिम विदाई प्राप्त की।