आम आदमी पार्टी (AAP) अलवर जिले में आगामी पंचायती राज चुनाव लड़ेगी। सभी 11 पंचायत समितियों और जिला परिषद के सभी 262 वार्डों में पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। नगर निकाय चुनाव में उतरी 'आप' के प्रदेशभर में 42 पार्षद जीते हैं। ‘आप’ के जिलाध्यक्ष जगन्नाथ गोयल और जिला चुनाव प्रभारी शरद मिश्रा ने कहा- दोनों पार्टियां विकास के मुद्दों पर जनता की उम्मीदों पर खरे उतरने में नाकाम रही हैं। उनके वादे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। इसके विपरीत आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के मोर्चे पर किए विकास कार्यों के अपने 'दिल्ली मॉडल' को जनता के सामने रखा है। QR कोड से होगी प्रत्याशियों की दावेदारी चुनावी तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी ने पहल की है। राजस्थान में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए QR कोड जारी किया गया है। चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग QR कोड को स्कैन कर सीधे दावेदारी पेश कर सकते हैं। उम्मीदवारों के चयन में उनकी स्थानीय सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़ाव और संगठन को मजबूत करने की क्षमता को मुख्य पैमाना बनाया जाएगा। चुनावी कोर टीम का गठन और प्रमुख चेहरे आगामी चुनाव को मजबूती देने के लिए जिला चुनाव प्रभारी शरद मिश्रा ने कोर टीम का गठन किया है। इसमें वागीश खुंगर, महावीर राजोरिया, देवेंदु शर्मा, नितेश शर्मा, समीर खान, विनोद कुमार अरुण शामिल हैं। बैठक की अध्यक्षता जगन्नाथ गोयल ने की। इस दौरान अतर सिंह, मनोज चंद्रुल, शब्बीर, मनीष कुमार, धर्मेंद्र, अनवर हुसैन, सुरभि गुप्ता और ललित सैनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।