अलवर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मोती डूंगरी स्थित चिल्ड्रन पार्क के सामने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए। वहीं इस विरोध-प्रदर्शन में केवल एक महिला कार्यकर्ता लीली यादव नजर आईं। इसे लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष रमन सैनी ने कहा- शॉर्ट नोटिस पर विरोध करने की सूचना दी गई। इस कारण कम महिला कार्यकर्ता पहुंची। कांग्रेस की ओर से एक दिन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन किया गया था। इसमें काफी महिलाएं पहुंची थी। तब भी महिला कार्यकर्ता लीली यादव सबसे आगे थी। राहुल गांधी के साथ खड़ी है जनता: गंगावत अलवर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने कहा- पूरे देश में मंडल स्तर से लेकर एआईसीसी (AICC) स्तर तक आंदोलन चल रहा है। आज देश की जनता कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ेगा। स्थानीय मुद्दों और बीजेपी पर साधे निशाने प्रकाश गंगावत ने राज्य के वन मंत्री संजय शर्मा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने चुनाव में धनबल के सहारे तांडव मचाया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का पूरी तरह सूपड़ा साफ हो जाएगा। आरआर सर्किल का नाम बदले जाने पर जिलाध्यक्ष ने कहा- बीजेपी सरकार के पास केवल नाम बदलने का काम रह गया है। मोदी सरकार ने अलवर में एक-दो जगहों के नाम बदलने के अलावा कोई काम नहीं किया। मोती डूंगरी का भी कोई विकास नहीं कराया गया।