अलवर में एक सूने मकान में घुसकर चोर जेवरात और नगदी चुराकर ले गया। वारदात के समय पति-पत्नी घर से बाहर थे। पड़ोसियों की सूचना पर पति घर आया, तब टूटे ताले मिले। वहीं एक दुकान को जेसीबी और ट्रैक्टर से तोड़कर चोर करीब 6 लाख रुपए का सामान चुराकर ले गए। दोनों मामले शिवाजी पार्क और सदर थाना क्षेत्र के है। सूने मकान से जेवर और नकदी चोरी शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के जसवंत नगर स्थित बी ब्लॉक में कपिल कुमार किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 अक्टूबर की रात वह अपने दोस्त के पास रुक गए थे। उनकी पत्नी पैतृक घर गई हुई थी। इस कारण मकान पर ताला लगा था। 19 अक्टूबर की शाम पड़ोसियों ने ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचकर देखा तो मेन दरवाजे और अंदर के दोनों मकानों के ताले टूटे मिले। कमरों में सामान बिखरा था। जांच करने पर 12 जोड़ी सोने की झुमकियां, दो सोने की अंगूठियां, 15 चांदी के सिक्के, एक जोड़ी चांदी की पायल और करीब 7 से 8 हजार रुपए नकद गायब मिले। सीसीटीवी में नजर आए चोर पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरे में दो युवक बाइक पर आते नजर आए है। चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसते है और चोरी की वारदात को अंजाम देकर भागते भी दिखे है। जेसीबी से दुकान तोड़कर सामान ले गए चोर दूसरी घटना,सदर थाना क्षेत्र में दादर गांव से पहले मुख्य सड़क पर स्थित दुकानों की है। ईटाराना गेट निवासी महावीर प्रसाद ने बताया कि उन्होंने साल 2016 में 25 बाई 11 फीट की दो दुकानें ली थीं, जिनमें वह परचूनी का कारोबार करते थे। दुकानदार का आरोप है कि करीब 6 महीने पहले जमीन को लेकर प्रहलाद मीना से विवाद हुआ था। इस संबंध में उन्होंने सदर थाने में परिवाद भी दिया था। करीब 6 लाख रुपए का नुकसान महावीर प्रसाद ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 19 अक्टूबर की रात प्रहलाद मीना, सुरेंद्र मीना, देवी मीना और उनके साथ आए अन्य लोगों ने जेसीबी और ट्रैक्टर से दुकान तोड़ दी। इसके बाद दुकान में रखा डीप फ्रीजर, फ्रिज, लकड़ी व लोहे के गेट, चीनी और घी के कट्टे, अन्य किराना सामान, तराजू-बट्टे, करीब 10 कट्टे सीमेंट और 14 फीट की 13 लोहे की टिनें ले गए। दुकानदार के मुताबिक- इस घटना में करीब 6 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर की सुबह दुकान पहुंचने पर घटना का पता चला। कुछ लोगों ने उन्हें रात में 20 से 30 लोगों के आने की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में चोरी, गृहभेदन और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।