अलवर में दहेज प्रताड़ना और महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शहर के एक थाना इलाके की रहने वाली महिला ने अपने पति, सास - ससुर सहित पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे परेशान कर रहे थे और मारपीट भी करते थे। महिला ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 1 मार्च 2025 को हुई थी। शादी में ससुराल वालों की मांग के अनुसार परिवार ने करीब 30 लाख रुपए खर्च किए। महिला का आरोप है कि शादी में पति को सोने-चांदी की अंगूठी, सोने की चेन, कपड़े, मिठाई और गाड़ी के लिए 7 लाख रुपए नकद दिए गए। सास और ससुर को भी सोने की अंगूठी, पाजेब, कपड़े और नकदी दी गई। इसके अलावा रिश्तेदारों को भी कपड़े और अन्य सामान दिया गया। महिला के अनुसार, उसे भी सोने की चूड़ियां, सोने का सेट, अंगूठियां, डायमंड सेट, टीका, टॉप्स, पायजेब और अन्य सामान दिया गया। फ्लैट और कम नकदी देने का ताना मारकर करते थे परेशान महिला ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद पति ,सास और ससुर उसे दहेज के लिए ताने देने लगे। वे कहते थे कि उनका बेटा अच्छी नौकरी करता है और उनकी हैसियत के मुताबिक शादी नहीं हुई। महिला का आरोप है कि ससुराल वाले शादी में फ्लैट नहीं मिलने और कम नकदी दिए जाने की बात कहकर उसे परेशान करते थे। उसे भूखा-प्यासा रखने, गाली देने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, उसे यह भी कहा जाता था कि वह गरीब परिवार से आई है। शराब पीकर जान से मारने की धमकी देता था पति महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी निजी नौकरी से मिलने वाली कमाई पति, सास और ससुर ने अपने पास रख ली। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसका जीवन मुश्किल हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, जून में पति से बातचीत के दौरान वह गुस्सा हो गया और उसने मोबाइल फोन महिला की तरफ फेंककर मारा। महिला ने आरोप लगाया कि पति कई बार उसे मारने की कोशिश कर चुका है। साथ ही शराब पीकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। जबरन कार में महिला को ले जाने की कोशिश महिला के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह कजारिया ग्रीन सोसायटी में थी। इसी दौरान उसका पति वहां आया। उसके साथ चाचा ससुर चाची सास और भी आए। चारों ने उसे जबरदस्ती अपने साथ कार में ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ छीनाझपटी की गई और उसे गोद में उठाकर कार में डालने का प्रयास किया गया। इस दौरान महिला के शरीर पर चोटें आईं। महिला को जान से मारने की भी धमकी महिला ने बताया कि उसने अपने पिता और भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपने पिता और भाई के साथ अलवर पहुंची। महिला ने बताया कि पति, सास, ससुर, चाचा ससुर और चाची सास ने धमकी दी कि अगर उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट की तो उसे जान से खत्म कर देंगे और उसके पिता व भाई का भी पता नहीं चलने देंगे। महिला ने पुलिस से दहेज का सामान वापस दिलाने और मेडिकल जांच कराने की मांग की। पुलिस की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 28 अगस्त को महिला अपने पिता के साथ थाने पहुंची। पुलिस ने उसके शरीर पर चोटों का निरीक्षण किया, जिसमें दाहिनी बाजू पर नीला निशान, बाएं हाथ की कोहनी के ऊपर नीला निशान की शिकायत दर्ज की गई।