अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित बायो वेस्ट निस्तारण कंपनी में रोलर मशीन के अंदर बैठकर सफाई कर रहे एक मजदूर के दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना आज सुबह साढ़े 6 बजे की है। पीड़ित की पहचान सुनील वाल्मीकि (34) भरतपुर जिले के नदबई स्थित कसौली गांव निवासी के रूप में हुई है। घटना के वक्त सुनील के साथ मौके पर मौजूद सहकर्मी सुरेश ने बताया कि सुनील मशीन सर्विस का काम करता है। आज भी वह मशीन की सर्विस के लिए उसके अंदर घुसा था, उसी दौरान किसी कर्मचारी ने अनजाने में मशीन का स्विच ऑन कर दिया, जिससे सुनील का पैर ब्लेड रोलर में फंस गया और उसके दोनों पैर पूरी तरह कट गए। 2 घंटे की मशक्कत के बाद मशीन काटकर निकाला बाहर हादसे के बाद सहकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में कर्मचारियों ने कटर से मशीन के हिस्सों को काटना शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुनील को गंभीर हालत में मशीन से बाहर निकाला जा सका। अलवर जिला अस्पताल में उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया है। उद्योग नगर थाना पुलिस ने घटस्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसा किस स्तर की लापरवाही से हुआ, इसकी जांच शुरू कर दी है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने ही सुनील को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। कंपनी सुनील के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। बायोवेस्ट एकत्रित करने वाली हॉस्वीन इनसीनेटर फर्म के प्रतिनिधि अरविंद का कहना कि पैर स्लिप होने से पंजा रोलर के बीच में आ गया। फ्रैक्चर भी हुआ है। लेकिन स्किन काफी देर तक दबी रही है। इसलिए इलाज करा रहे हैं। अरविंद ने बताया कि रोलर के जरिए कार्बन अलग किया जाता है। बैग हाउस कार्बन को एकत्रित कर ड्रम में जमा कर देता है, ऊपर हवा में नहीं जाता है। जिला अस्पताल से ESIC मेडिकल कॉलेज में भेजा अलवर जिला अस्पताल से मरीज को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। लेकिन ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में मेडिकल के छात्रों का विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इस कारण ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में मरीजों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। --- ये खबर भी पढ़ें… गेहूं निकालते समय युवक का आधा शरीर थ्रेसर में गया,मौत:मशीन को खोलकर बाहर निकाले शव के टुकड़े, हादसा देखकर भाई बेहोश हुआ खैरथल-तिजारा जिले में गेहूं निकालते समय एक युवक थ्रेसर में चला गया। इस दौरान युवक के घुटनों से नीचे का हिस्सा थ्रेसर से बाहर रहा। घटना जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र के मातोरा के पास चकोलिया की ढाणी की है।अचानक सरीफ का हाथ मशीन में आ गया। इस दौरान उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला और कुछ ही सेकेंड में उसका आधे से ज्यादा शरीर मशीन के अंदर चला गया। (पूरी खबर पढ़ें)