खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र अंतर्गत बघेरी खुर्द गांव में आधा बीघा जमीन को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से लाठी-फरसी चली और पथराव हुआ। इस जंग में एक महिला सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलवर जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहला पक्ष: 'डिक्री होने के बावजूद जबरन जोत लिया खेत' घायल लक्ष्मण गुर्जर ने बताया कि विवादित आधा बीघा जमीन को लेकर उसके पास कोर्ट की डिक्री है। आरोप है कि इसके बावजूद दूसरे पक्ष के नेतराम और उसके परिजनों ने जबरन खेत जोत लिया। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर लाठी और फारसी से जानलेवा हमला कर दिया। दूसरा पक्ष: 'कब्जा कर बेचने की कोशिश, घर पर किया पथराव' वहीं दूसरे पक्ष के घायल ओमवीर और सतवीर ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि लक्ष्मण उनकी जमीन पर जबरन कब्जा जमाकर उसे बेचने की फिराक में है। जब वे अपना खेत जोत रहे थे, तब लक्ष्मण पक्ष के राजेंद्र, मोहित, धर्मी और शेर सिंह ने उनके घर पर धावा बोल दिया और जमकर पथराव किया। इस हमले में एक गर्भवती महिला के भी चोटिल होने की बात सामने आई है। किशनगढ़ बास थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है।