अलवर के सदर थाना क्षेत्र की विवाहिता के साथ मारपीट करने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना और दहेज में लिया धन वापस नहीं करने का मामला सामने आया है। इसमें पति समेत ससुराल पक्ष के 7 लोगों के खिलाफ कोर्ट के जरिए एफआईआर दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार विवाहित की शादी 25 फरवरी 2025 को हुई थी। आरोप है कि शादी में पीहर पक्ष ने अपनी क्षमता से ज्यादा दहेज दिया। बाद में ससुराल पक्ष की ओर से 1 लाख रुपए नगद और मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। विवाहिता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई और घर का काम कराने के साथ उसे भरपेट खाना भी नहीं दिया गया। 24 मार्च को मारपीट कर घर से निकालने का आरोप रिपोर्ट के अनुसार, 24 मार्च 2026 को पति और सास ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की और पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह अपने पीहर पहुंची। पीहर पक्ष की ओर से ससुराल वालों से समझाइश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। विवाहिता के अनुसार 15 जुलाई को पीहर पक्ष ने रिश्तेदारों और समाज के लोगों के माध्यम से दोनों पक्षों में समझाइश का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान पति और ससुराल वालों ने 1 लाख रुपए और मोटरसाइकिल के बिना उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया। जब उसने अपने पिता द्वारा दिया दहेज वापस मांगा तो उसे लौटाने से भी मना कर दिया। महिला ने कोर्ट के जरिए पति, सास-ससुर,ताऊ-ससुर, मौसी-सास,ननद और ननदोई के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।