अलवर में आज से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 5 अक्टूबर तक पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना नहीं है। बुधवार को भी जिले में मौसम सामान्य रहा। 29 सितंबर को अलवर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में जिले के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। 1 से 5 अक्टूबर के बीच बारिश के बजाय तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 506.9 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 546.4 मिमी मानी जाती है। यानी जिले में सामान्य से करीब 7% कम बारिश हुई। पिछले साल की तुलना में भी इस बार बारिश काफी कम रही। साल 2025 में 30 सितंबर तक जिले में 730.9 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जो सामान्य से 34% अधिक थी। पिछले साल लगातार बारिश के कारण सिलिसेढ़ झील करीब एक सप्ताह से अधिक समय तक ओवरफ्लो हुई थी। वहीं रूपारेल नदी में भी तेज बहाव रहा था, जिससे जैसमंद बांध में कई फीट तक पानी पहुंचा था। औसत से भी कम बारिश, कई बांधों में नहीं आया पानी कम बारिश का असर बांधों पर भी दिख रहा है। अलवर के 9 प्रमुख बांधों की कुल जलभराव क्षमता 103.897 एमसीएम है, जिसमें 27.867 एमसीएम यानी 26.82% पानी उपलब्ध है। इनमें सिलिसेढ़ का जलस्तर 8.12 मीटर यानी करीब 26.64 फीट, मानसरोवर का 5.79 मीटर यानी 19 फीट, मंगलसर का 10.15 मीटर यानी 33.30 फीट और जयसागर का 3.30 मीटर यानी 10.83 फीट दर्ज है। वहीं जयसमंद, रामपुर, देवती, सिलीबेरी और धामरेढ में जलस्तर 0 फीट दर्ज है। बारिश कम रहने के कारण पहले से पानी वाले बांध भी पूरी क्षमता तक नहीं भर पाए, जबकि जिन बांधों में पहले पानी नहीं था, उनमें पर्याप्त जलभराव नहीं हो सका।