गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने दुबई से आए एक यात्री के पास से 20.12 लाख रुपए का सोना जब्त किया है। यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर अधिकारियों ने उसे रोका था। यात्री के कैबिन बैगेज की जांच के दौरान ट्रॉली बैग के अंदर एक संदिग्ध पैच मिला। जांच में पता चला कि कपड़े के इस पैच के अंदर सोने का पेस्ट एक परत के रूप में छिपाया गया था। सोने के पेस्ट को निकालकर पिघलाने पर 133.450 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद हुआ। इसकी कीमत 20,12,426 रुपए आंकी गई है। कस्टम विभाग ने कस्टम्स एक्ट, 1962 के प्रावधानों के तहत सोना जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली के बवाना में बदमाशों ने दुकान के बाहर 5 राउंड फायरिंग की दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र के पूठ खुर्द इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, कुछ बदमाशों ने एक दुकान के बाहर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। फिलहाल फायरिंग के कारण, आरोपियों और किसी के घायल होने को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।