अलवर जिले की थानागाजी, बड़ौदामेव और लक्ष्मणगढ़ नगर पालिकाओं में चेयरमैन पद के चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक समीकरण देखने को मिले। थानागाजी में भाजपा के सबसे ज्यादा 11 पार्षद जीतने के बावजूद कांग्रेस बोर्ड बनाने में सफल रही। वहीं बड़ौदामेव में कांग्रेस को पार्षद चुनाव में बढ़त मिलने के बाद भी चेयरमैन का पद भाजपा के समर्थन वाली निर्दलीय पार्षद के खाते में गया। लक्ष्मणगढ़ में भी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से भाजपा प्रत्याशी ने चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की। थानागाजी में भाजपा के 11 पार्षद, कांग्रेस का बना बोर्ड थानागाजी नगर पालिका में कांग्रेस की पपीता हरसाना चेयरमैन बनी हैं। पपीता हरसाना वार्ड 23 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनी गई थीं। चेयरमैन चुनाव में उन्होंने भाजपा की सुनीता देवी को 5 वोटों से हराया। थानागाजी में पार्षद चुनाव के दौरान भाजपा के 11 पार्षद, कांग्रेस के 7 पार्षद और 7 निर्दलीय पार्षद जीतकर आए थे। इस तरह भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी। बोर्ड बनाने के लिए भाजपा को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए दो पार्षदों के समर्थन की जरूरत थी। चुनाव के दौरान भाजपा के पक्ष में संख्या होने के बावजूद चेयरमैन के चुनाव में समीकरण बदल गए। कांग्रेस अपना बोर्ड बनाने में सफल रही। चेयरमैन चुनाव में कांग्रेस की पपीता हरसाना ने 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की और थानागाजी नगर पालिका की चेयरमैन बन गईं। इसके साथ ही पार्षद चुनाव में भाजपा के ज्यादा सीटें जीतने के बावजूद नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बन गया। बड़ौदामेव में कांग्रेस के ज्यादा वोटिंग बेस के बावजूद भाजपा समर्थित निर्दलीय जीतीं बड़ौदामेव नगर पालिका में कांग्रेस को पार्षद चुनाव में बढ़त मिलने के बावजूद चेयरमैन का पद भाजपा के समर्थन वाली निर्दलीय पार्षद कविता के खाते में गया। यहां वार्ड 12 से निर्दलीय पार्षद चुनी गईं कविता को भाजपा ने चेयरमैन पद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया। उनके सामने कांग्रेस की सुकमा देवी प्रत्याशी थीं। सुकमा देवी वार्ड 11 से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनी गई थीं। चेयरमैन चुनाव में कविता को 13 वोट मिले, जबकि सुकमा देवी को 11 वोट मिले। मतदान के दौरान एक वोट निरस्त हुआ। इस तरह कुल 25 वोटों में कविता ने सुकमा देवी को 2 वोट से हराकर चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की। कविता के चेयरमैन बनने के साथ ही बड़ौदामेव नगर पालिका में भाजपा समर्थित खेमे को बढ़त मिली, जबकि पार्षद चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में रहे समीकरण चेयरमैन चुनाव में बदल गए। जानिए कौन कहां से नगर पालिका अध्यक्ष बने- लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीयों का साथ, भाजपा की मीना गुप्ता चेयरमैन लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका में भाजपा की मीना गुप्ता चेयरमैन चुनी गईं। मीना गुप्ता वार्ड 8 से भाजपा के टिकट पर पार्षद चुनाव जीती थीं। चेयरमैन चुनाव में उन्हें 19 वोट मिले। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 1 से आरएलपी के टिकट पर जीतीं डॉ. पायल भारद्वाज को अपना प्रत्याशी बनाया था। डॉ. पायल भारद्वाज को चेयरमैन चुनाव में 6 वोट मिले। इस तरह मीना गुप्ता ने 13 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। लक्ष्मणगढ़ में पार्षद चुनाव के दौरान 14 निर्दलीय, 6 भाजपा, 4 कांग्रेस और 1 आरएलपी पार्षद चुनाव जीते थे। चेयरमैन चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका निर्णायक रही। इनमें से 13 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी मीना गुप्ता के पक्ष में मतदान किया, जिसके बाद मीना गुप्ता को कुल 19 वोट मिले और वह चेयरमैन चुनी गईं। पंचायत समिति, प्रधान, जिला पार्षद लॉटरी 23 को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए अलवर जिले में समाविष्ट जिला परिषद अलवर के सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों, पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों एवं प्रधान के पदों के आरक्षण लॉटरी का कार्यक्रम 23 सितम्बर (बुधवार) को प्रातः 11 बजे से मिनी सचिवालय स्थित जिला कलक्ट्रेट सभागार में निर्धारित किया गया है। सरपंच व वार्ड पंच की लॉटरी 24 को इसी प्रकार उपखण्ड स्तर पर उपखण्ड अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में आने वाली पंचायत समितियों में समाविष्ट ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं वार्ड पंचों के आरक्षण तथा तत्संबंधी लॉटरी का कार्यक्रम संबंधित उपखण्ड अधिकारी स्तर पर 24 सितम्बर (गुरूवार) को होगा।