धौलपुर जिले में खेत में चाचा और दो भतीजों के शव मिले हैं। बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे। चाचा पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। घटना कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौंदा गांव में बुधवार सुबह की है। विष्णु (मृतक) के पिता शीतोली ने बताया कि विष्णु (22) मंगलवार शाम अपनी मां और दोनों भतीजों सनी (10) और मानव (8) पुत्र संतोष को लेकर बाइक से अपनी बहन के घर गया था। विष्णु की मां आकपुरा बसेड़ी में बेटी के घर रुक गई थी। जब हमने कॉल करके विष्णु की मां से लौटने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि विष्णु और दोनों बच्चे बाइक से घर के लिए निकल गए हैं। मैं कल (बुधवार) को आऊंगी। जब देर रात तक तीनों घर नहीं लौटे तो हमने रिश्तेदारी में फोन किया। किसी ने उनके आने से इनकार किया। बुधवार सुबह तलाश के दौरान घर से एक किलोमीटर दूर खेत में तीनों के शव मिले। जिस बाइक से तीनों लौटे थे, वह भी घटनास्थल पर मिली है। भतीजों की हत्या कर सुसाइड की आशंका प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि विष्णु ने दोनों भतीजों की हत्या करने के बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस और FSL ने जुटाए सबूत सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह, सीओ ग्रामीण मनोहर लाल मीणा और एसपी विकास सांगवान मौके पर पहुंचे। पुलिस और FSL की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।