अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में चोरों ने सूने मकान के ताले तोड़कर 55 हजार कैश और गहने चोरी कर लिए। पीड़ित युवक परिवार सहित बाहर गया हुआ था, चोरों ने पीछे से चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित रामेश्वर सिंह रोडवेज विभाग में कंडेक्टर हैं। घटना अरावली विहार थाना क्षेत्र में रामनगर रोड स्थित राधेनगर, मूंगस्का में हुई। मामले में पीड़ित ने पुलिस को रिपोर्ट दी है, जिसमें बताया कि 2 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे वह अपने अलवर स्थित मकान को बंद कर मौलिया गांव चले गए थे। 6 अक्टूबर को लौटे तो मकान के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और कपड़े व बिस्तर बिखरे पड़े थे। कैश और सोने-चांदी के गहने चोरी जांच करने पर अंदर अलमारी में रखे 55 हजार कैश, सोने की 2 अंगूठियां, चेन, कानों के कुंडल व चांदी की पायजेब व कमर की कोंदनी गायब मिली। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर 112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित की रिपोर्ट पर अरावली विहार थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात मामला दर्ज किया। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज में गली के चक्कर लगाते दिखे दो युवक वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दो अलग-अलग युवक अलग-अलग बाइक पर घर के बाहर स्थित गली में चक्कर लगाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।