उदयपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए शहर विधायक ताराचंद जैन और महापौर पारस सिंघवी एक्शन मोड में हैं। विकास कार्यों और अवैध पार्किंग के मुद्दे पर सख्ती दिखाई। नगर निगम में सफाई ठेकेदारों की इमरजेंसी बैठक कर मेयर ने चेतावनी दी। मेयर ने ठेकेदारों को दो टूक कहा कि सिर्फ टेंडर लेना काफी नहीं है, काम धरातल पर भी नजर आना चाहिए। लापरवाही बरतने वालों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और सिफारिश बिल्कुल नहीं चलेगी। वहीं, शहर विधायक जैन ने शोभागपुरा रोड पर नए बन रहे चौराहे का मौका मुआयना कर निर्देश दिए। दौरा कर आधी सड़क तक फैली अवैध पार्किंग, नाले पर हुए अतिक्रमण, बीच सड़क पर आ रहे बिजली के पोल और फास्ट फूड के ठेलों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शोभागपुरा में शोरूम की अवैध पार्किंग पर नोटिस के आदेश विधायक ताराचंद जैन यूडीए अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ शोभागपुरा में 'जूडियो' स्टोर के सामने बन रहे नए चौराहे का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां सड़क सीमा के भीतर करीब 20 फीट अंदर तक दोपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहन बेतरतीब खड़े मिले। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विधायक ने यूडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन मालिक को नोटिस देकर पाबंद किया जाए कि सभी वाहन तय बेसमेंट या अपनी पार्किंग सीमा में खड़े हों। सुधार नहीं होने पर बिल्डिंग के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। बिजली का पोल हटेगा, नाले की सीढ़ियां तोड़ी जाएगी निरीक्षण के दौरान सड़क और नाले के बीचों-बीच आ रहे बिजली के खंभे के कारण बन रहे बॉटल नेक को देखकर विधायक ने आरएससीबी अभियंताओं को इसे तुरंत किनारे शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों द्वारा नाले के ऊपर रैंप और सीढ़ियां बनाकर किए गए अतिक्रमण को तत्काल तोड़ने को कहा। उन्होंने कहा कि नाले से अतिक्रमण हटने पर खाली जगह का इस्तेमाल पार्किंग के लिए होगा और सड़क पूरी चौड़ी मिलेगी। यूनिवर्सिटी रोड की तरफ लगने वाले जाम को देखते हुए यातायात पुलिस को फास्ट फूड के ठेलों और ऑटो रिक्शा पर कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि इसे शहर का सबसे खूबसूरत चौराहा बनाया जाएगा। सफाई ठेकेदारों को महापौर का अल्टीमेटम इधर, नगर निगम में महापौर पारस सिंघवी ने सफाई ठेकेदारों की क्लास ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल टेंडर ले लेना काफी नहीं है, धरातल पर काम दिखना चाहिए। महापौर ने दो टूक कहा कि सफाई की गुणवत्ता के आधार पर ही बिल पास होंगे और खराब काम वाले क्षेत्रों में भुगतान रोका जाएगा। कम दरों पर टेंडर लेकर कोताही बरतने वालों को चेताया कि वे या तो अपनी कार्यप्रणाली सुधारें या स्वेच्छा से काम छोड़ दें, अन्यथा उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। यूडीए से निगम में आए नए वार्डों और झीलों पर फोकस महापौर ने निगम में शामिल किए गए सीसारमा, बड़गांव, बेदला, सुखेर, भुवाणा, अंबेरी, शोभागपुरा, बेडवास, लकड़वास, कलडवास और तितरड़ी में कचरे के ढेरों और कचरा जलाने की घटनाओं पर सख्त नाराजगी जताई। बैठक में नेहरू बाल उद्यान स्थित होज की तस्वीरें दिखाकर हकीकत बताई गई। महापौर ने स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा और निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग के निर्देश दिए और कहा कि झीलों तथा पर्यटन स्थलों की सफाई में किसी की सिफारिश बर्दाश्त नहीं होगी।