अलवर की एक महिला ने जयपुर सचिवालय में कार्यरत सहायक शासन सचिव के खिलाफ बेटे को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के नाम पर 66 हजार रुपए मांगने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। अलवर निवासी पुलिसकर्मी स्व. मनोज कुमार यादव की पत्नी बिमला देवी ने शहर के अरावली विहार थाना पुलिस में गुरुवार रात को मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिक्षा (आयोजना) विभाग जयपुर में कार्यरत सहायक शासन सचिव दुर्गा सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेकानंद नगर निवासी बिमला देवी ने शिकायत में बताया- मेरे पति मनोज कुमार यादव पुलिस विभाग में करौली जिले में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद मैंने अपने बेटे कुलदीप यादव की अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। इसी सिलसिले में मेरी और मेरे जेठ धारा सिंह यादव की मुलाकात सचिवालय में कार्यरत दुर्गा सिंह से हुई थी। आरोप- अब तक 66 हजार रुपए दिए महिला बिमला का आरोप है कि दुर्गा सिंह ने मेरे बेटे को अनुकंपा नियुक्ति जल्द दिलवाने का भरोसा दिया। इसके बाद दस्तावेजों की प्रक्रिया और अधिकारियों के चाय-पानी के खर्च के नाम पर अलग-अलग समय पर रुपए लिए। परिवाद के अनुसार- अप्रैल 2024 से दिसंबर 2024 के बीच फोन-पे के जरिए कुल 51 हजार रुपए दिए गए। इसके बाद भी 15 हजार रुपए मांगे। महिला के अनुसार- कुल 66 हजार रुपए दिए गए। बिमला देवी के जेठ धारा सिंह यादव का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद बेटे की नियुक्ति नहीं करवाई गई। जब मैंने रुपए वापस मांगे तो पहले आश्वासन दिए गए। बाद में आरोपी ने मेरा फोन ब्लॉक कर दिया। महिला ने लेन-देन का रिकॉर्ड और बातचीत की रिकॉर्डिंग भी होने की बात कही है। दुर्गा सिंह बोले- उधार लिए थे रुपए वहीं इस मामले में दुर्गा सिंह ने कहा- मैंने बिमला देवी से कई साल पहले 65 हजार रुपए उधार लिए थे। जिसे अब वापस करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा- एक फाइल से जुड़ा मामला भी था, लेकिन वर्तमान में मुझे उस फाइल के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति के नाम पर रकम लेने के आरोप से अलग अपना पक्ष रखा है। महिला ने इस मामले में पहले पुलिस को शिकायत दी थी। अब अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में ही आरोपों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।