अलवर शहर के सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने 2 अधिकारियों के मकानों का निशाना बनाया और ताले तोड़कर अंदर घुसे। हालांकि चोरों को अंदर कोई कीमती सामान या कैश नहीं मिला। चोरों की ये हरकत वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना टेल्को चौराहे के पास स्थित शालीमार योजना (ए-ब्लॉक) में भैरू बक्स मिठाई की दुकाने वाले 60 फुट रोड की है। बदमाश यहां पीएमओ डॉ. पी. सी. सैनी और प्रिंसिपल नितिन चौधरी के प्लॉट पर बने कमरों के ताले तोड़ कर अंदर घुसे लेकिन वहां उन्हें कुछ कीमती सामान नहीं मिला। देखिए घटना से जुड़े PHOTOS… ताले तोड़े, अलमारी खंगाली पर खाली हाथ लौटे जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल नितिन चौधरी के प्लॉट पर प्रॉपर्टी का ऑफिस चलता है, जबकि पीएमओ डॉ. पी. सी. सैनी के प्लॉट में एक कमरा बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे चोरों ने दोनों संपत्तियों के पीछे के हिस्से में बने कमरों के मुख्य गेट के ताले तोड़े। अंदर घुसकर चोरों ने अलमारियों के ताले चटकाए और पूरे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। काफी छानबीन के बाद भी जब कोई कीमती सामान हाथ नहीं लगा, तो चोरों को खाली हाथ ही भागना पड़ा। यहां कोई भी परिवार रहता नहीं है। रात को यह जगह सूनी थी। बतादें नितिन चौधरी के भतीजे जयपुर में जज हैं। सीसीटीवी में कैद हुए चोर, पुलिस जांच में जुटी मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों व आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें चोर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है।