कोटा ग्रामीण के मोईकलां में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर वारदात की तस्दीक करवाई। पुलिस लवाजमे के साथ आरोपियों को उस जगह ले जाया गया, जहां उन्होंने केदार बाई भील पर हमला किया था। आरोपियों ने भी मौके पर हमले की बात कही। पुलिस ने उस रास्ते की भी तस्दीक करवाई, जिससे आरोपी भागे थे। बपावर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि अपराध करने वाला पुलिस से बच नहीं पाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। घटना 16 अक्टूबर की आधी रात के बाद भोपा परिवार और भील परिवार के बीच हुए झगड़े की है। विवाद में भील परिवार के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल केदार बाई भील की 17 अक्टूबर को कोटा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। आरोपियों का मकान हटाने की मांग रखी थी महिला की मौत के बाद 18 अक्टूबर को अंतिम संस्कार से पहले परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों का जुलूस निकालने और सरकारी जमीन पर बने उनके मकानों को हटाने की मांग रखी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर और बपावर थाना प्रभारी सुरेश कुमार लगातार निगरानी कर रहे हैं।