अलवर में रविवार सुबह से मौसम साफ है। सुबह से तेज धूप खिली हुई है, जिसके चलते दिन में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। शनिवार को मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया था, लेकिन जिले में बारिश नहीं हुई। अब आगामी दिनों में मौसम में फिर बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम खुलने के साथ किसान खेतों में कृषि कार्यों पर ध्यान दे रहे हैं। जिले में प्याज की बुआई पहले ही शुरू हो चुकी थी और ज्यादातर इलाकों में बुआई का काम पूरा हो गया है। अब बचे हुए इलाकों में किसान प्याज की बुआई कर रहे हैं। ऐसे में फिलहाल खुला मौसम खेतों में बुआई के काम के लिए सुविधाजनक बना हुआ है। बाजरा फसल की कटाई चल रही जिले के कुछ इलाकों में बाजरे की फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, जबकि कई क्षेत्रों में अभी कटाई का काम चल रहा है। किसानों के लिए खुले मौसम से बाजरे की कटाई और अन्य कृषि कार्यों में आसानी हो रही है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। 18 सितंबर तक बारिश-गरज चमक के आसार: मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 18 सितंबर तक अलवर में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाने के साथ कई बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 13 सितंबर को न्यूनतम तापमान 24 और अधिकतम 31 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 14 और 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री, 16 सितंबर को 31 डिग्री, 17 सितंबर को 30 डिग्री और 18 सितंबर को फिर 32 डिग्री के आसपास रह सकता है। इस दौरान बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। सामान्य से करीब 3% कम बारिश अलवर जिले में अब तक 501.6 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस तारीख तक सामान्य बारिश 514.9 मिमी होनी चाहिए थी। यानी जिले में अब तक सामान्य से 13.3 मिमी यानी करीब 3 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में यदि बारिश होती है तो जिले में बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंच सकता है।