अलवर में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है। सुबह खेतों में फसलों पर ओस की बूंदें नजर आने लगी हैं। जिले के तापमान में 4 दिन में 7 डिग्री की गिरावट आई है। पहले अधिकतम तापमान 37 डिग्री थी, वहीं अब 30 डिग्री तक रहने का अनुमान है। शनिवार को अलवर राजस्थान का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया था। अब दिन में तेज गर्मी से राहत मिलने लगी है, जबकि सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक महसूस हो रही है। अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 18 से 23 अक्टूबर तक अलवर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तापमान की स्थिति: 18 अक्टूबर: अधिकतम 30 और न्यूनतम 24 डिग्री। 19 अक्टूबर: अधिकतम 31 और न्यूनतम 24 डिग्री। 20 अक्टूबर: अधिकतम 31 और न्यूनतम 21 डिग्री। 21 अक्टूबर: अधिकतम 31 और न्यूनतम 21 डिग्री। 22 अक्टूबर: अधिकतम 30 और न्यूनतम 20 डिग्री। 23 अक्टूबर: अधिकतम 31 और न्यूनतम 19 डिग्री। रात के तापमान में भी आएगी गिरावट पूर्वानुमान के अनुसार, 18 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है, जो 23 अक्टूबर तक गिरकर 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। यानी अगले छह दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय ठंडक का असर और बढ़ सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने 18 से 23 अक्टूबर तक किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के कारण दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है। खेतों में फसलों पर ओस दिखाई देने के साथ मौसम में बदलाव का असर अब साफ नजर आने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान में होने वाले उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लग सकती है।