कोटा ग्रामीण के सुल्तानपुर में आज सुबह ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर करीब 70 लाख की चोरी कर ली। बदमाश भोरा चौराहे पर स्थित देव ज्वेलर्स की दुकान से चोर पूरी तिजोरी उठाकर ले गए। पीड़ित व्यापारी ने करीब 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने का दावा किया है। वारदात रविवार अलसुबह करीब 4:39 बजे की है। कार से आए थे नकाबपोश बदमाश जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में सवार होकर 5 से ज्यादा नकाबपोश बदमाश दुकान पर पहुंचे। बदमाशों ने पहले मुख्य सड़क की स्ट्रीट लाइट बंद की। इसके बाद दुकान के शटर का ताला तोड़कर उसे आधा उठाया और अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का प्लग निकाला और तिजोरी उठाकर कार में रख ली। महज 3 मिनट में वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दीपावली और धनतेरस के चलते खरीदा था सोने-चांदी का माल पीड़ित व्यापारी परमानंद गुर्जर ने बताया कि अभी दो-तीन दिन पहले ही वह 20 से 30 लाख का सोनी का सामान लेकर आया था पुराना ज्वेलरी भी पड़ा हुआ था नगदी भी थी इस तरह से दीपावली और धनतेरस त्योहार को देखते हुए काफी ज्यादा सोना और चांदी के झुमके हार सिक्के सभी मौजूद थे। प्रभात फेरी पर निकले लोगों ने दुकान के टूटे ताले देखकर उन्हें सूचना दी। इसके बाद चोरी का पता चला। पीड़ित व्यापारी ने सुल्तानपुर थाने में चोरी की शिकायत दी और सीसीटीवी भी पुलिस को उपलब्ध कराए। मौके पर पहुंची सुल्तानपुर थाना पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि प्रमुख चौराहे पर होमगार्ड जवानों की तैनाती के बावजूद चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार ऐसी वारदातें होती रहीं तो कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा।