अलवर में बैंक लॉकर में रखे जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। एक महिला अपनी बेटी के साथ बैंक गई थी, जहां लॉकर खोलने पर जेवर नहीं मिले। महिला ने बेटी और बहू पर जेवर हड़पने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, अरावली विहार थाना क्षेत्र की करीब 80 वर्षीय महिला पुष्पा गुप्ता ने अपनी बेटी और बहू पर बैंक लॉकर से सोने के जेवर निकालकर हड़पने का आरोप लगाया है। पुष्पा ने कोर्ट में परिवाद पेश कर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। बेटी मां के साथ बैंक गई, अपने और मां के गहने लॉकर से निकाले परिवाद के अनुसार, महिला का बैंक ऑफ इंडिया की काला कुआं शाखा में लॉकर है। इसमें उसका सोने-चांदी का जेवर रखा था। महिला का आरोप है कि 30 जुलाई 2026 को उसकी बेटी सीमा गुप्ता अपना जेवर निकालने के लिए उसके साथ बैंक गई थी। आरोप है कि सीमा ने अपने जेवर के साथ मां के जेवर भी निकाल लिए और अपनी भाभी सुनीता गुप्ता के साथ मिलकर उन्हें दूसरे बैंक लॉकर में रख दिया। पुष्पा गुप्ता ने परिवाद में बताया कि उसके सोने के पेंडेंट, एक जोड़ी कुंडल, तीन अंगूठियां और एक नथ सहित अन्य जेवर लॉकर में नहीं मिले। 14 अगस्त को जब वह लॉकर खोलने पहुंची तो जेवर गायब मिले। उस समय उसका बेटा भी बैंक में मौजूद था। महिला के मुताबिक, बाद में बेटी से बात करने पर उसने जेवर अपने पास होने की बात कही और लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन दूसरी बार मांगने पर जेवर लौटाने से मना कर दिया। 1.25 लाख रुपए उधार देने का भी जिक्र परिवाद में महिला ने 2019 में अपनी बेटी सीमा और उसके पति को 1.25 लाख रुपए उधार देने का भी उल्लेख किया है। पुष्पा गुप्ता के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2019 को बेटी और उसके पति के कहने पर उसने बैंक खाते से चेक के जरिए यह राशि उनकी बेटी के खाते में भेजी थी। आरोप है कि कई बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई। 16 अगस्त 2026 को फोन पर रुपए मांगने पर बेटी ने प्लॉट देकर रकम लौटाने की बात कही। महिला ने बातचीत की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में होने की बात भी परिवाद में कही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।