जयपुर में आमेर के मावठा सरोवर पर जीप चालक और गाइड के बीच जीप को आगे ले जाने को लेकर हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। कहासुनी के दौरान जीप चालक आजम और उसके साथी नाजिश ने स्थानीय निवासी और गाइड मनीष सोनी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनीष सोनी के पेट में चाकू लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गौतम के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। मावठा सरोवर के पास जीप चालक आजम और गाइड मनीष सोनी के बीच जीप को आमेर ऊपर ले जाने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान आजम और उसके साथी नाजिश ने मनीष सोनी पर चाकू से वार कर दिया। चाकू का वार मनीष सोनी के पेट में लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घायल मनीष को तत्काल उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव चाकूबाजी की घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आमेर थाने पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू की। दोनों आरोपी हिरासत में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आजम और नाजिश को हिरासत में ले लिया है। दोनों से चाकूबाजी की घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद के पीछे की पूरी वजह और घटना में इस्तेमाल चाकू के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, आजम के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पूछताछ के आधार पर की जाएगी।