स्वास्थ्य विभाग की ओर से एएनएम ट्रेनिंग सेशन 2026-27 में एडमिशन के लिए पहली काउंसलिंग मंगलवार को होगी। निदेशालय के निर्देश के अनुसार सवाई माधोपुर सीएमएचओ कार्यालय में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक काउंसलिंग होगी। विभाग की ओर से जारी कट-ऑफ के अनुसार जनरल के लिए 89.00 प्रतिशत, ओबीसी के लिए 86.00, एससी के लिए 85.40 प्रतिशत, एसटी के लिए 86.40 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस के लिए 86.00 प्रतिशत, एसबीसी के लिए 88.20 प्रतिशत, दिव्यांग श्रेणी के लिए 66.60 प्रतिशत और आशा वर्ग के लिए 56.46 प्रतिशत कट-ऑफ निर्धारित की गई है। मूल दस्तावेज साथ लाना जरूरी सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने बताया- कट-ऑफ तक आने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दिन 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिकाएं, मूल निवास, जाति प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आशा/आंगनबाड़ी का अनुभव एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र सहित लागू दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। मूल प्रमाण-पत्र अथवा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने वाले अभ्यर्थी को काउंसलिंग में शामिल नहीं किया जाएगा। किसी कारणवश बुलावा पत्र नहीं मिलने पर भी निर्धारित कट-ऑफ तक के जिले के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी इस सूचना को बुलावा पत्र मानकर काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अभ्यर्थियों की सूची सीएमएचओ कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर देखी जा सकती है।