प्रतापगढ़ जिले की अरनोद नगर पालिका के चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन ने कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस के जवानों ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव का संदेश दिया। यह फ्लैग मार्च उपखंड कार्यालय से शुरू हुआ। एसबीआई बैंक, बस स्टैंड, रोशन साइकिल, सदर बाजार और गौतमेश्वर रोड जैसे कई मुख्य इलाकों से गुजरा। सुरक्षा का भरोसा दिलाया फ्लैग मार्च का नेतृत्व सीआई शिवलाल मीणा ने किया। इसमें कई पुलिस जवान शामिल थे। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों और मतदाताओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि नगर पालिका चुनाव शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में होंगे। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने या मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपना वोट डालें। चुनाव को देखते हुए कस्बे में पुलिस की निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।